ड्यूटी में लापरवाही पर दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित
देवरिया, 27 फरवरी (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने शुक्रवार को एक महिला उप निरीक्षक और एक महिला आरक्षी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई आशा ज्योति केन्द्र में ड्यूटी के दौरान एक पीड़ित महिला के वन स्टॉप सेंटर से भाग जाने की घटना के बाद की गई।
पुलिस अधीक्षक ने आशा ज्योति केन्द्र में नियुक्त महिला उप निरीक्षक रेखा देवी एवं महिला आरक्षी सरिता बिन्दु को राजकीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर उदासीनता, अकर्मण्यता और लापरवाही बरतने का दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं। इसके अतिरिक्त घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद महिला पीआरडी कर्मी किरन देवी, शीला देवी, मंशा देवी तथा वन स्टॉप सेंटर मैनेजर नीतू भारती के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने अपने संदेश में यह स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक