सुलतानपुर : हाईटेंशन लाइन की चपेट मे आने से दो की मौत

 


सुलतानपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के लंभुआ तहसील क्षेत्र के शंभूगंज बाजार में शनिवार शाम 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन टूटकर गिर गयी, उसकी चपेट में आए दो ग्रामीणों की मौत हो गई।

शंभूगंज-हनुमानगंज मार्ग पर करीब सात बजे शाम दोनों व्यक्ति हाईटेंशन तार के नीचे बैठकर सब्जी बेच रहे थे, तभी तार टूटकर उन पर गिर पड़ा। तार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शंभूगंज फीडर में सात बजकर दो मिनट पर ब्रेक डाउन दर्ज किया गया था।

मृतकों की पहचान सकवा गांव निवासी राधेश्याम यादव (55) पुत्र रामचंद्र यादव और गुरु प्रसाद गुप्ता (50) के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष परशुराम ने शनिवार को बताया कि शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना मिलने के बाद उनमें शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त