नौबस्ता में सड़क हादसों में दो की मौत, डंपर में फंसकर 300 मीटर घिसटे बुजुर्ग
कानपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। यशोदानगर के पास सुबह बाइक अनियंत्रित होने पर दवा कंपनी कर्मी (एमआर) तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए, जबकि शाम को सड़क पर बिखरी बजरी के कारण एक बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में जाजमऊ निवासी बुजुर्ग की जान चली गई और उनके छोटे भाई ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई।
जाजमऊ के ताड़बगिया निवासी गिरीश चंद्र सैनी (55) कागज के लिफाफे बनाने का काम करते थे। रविवार को वह अपने छोटे भाई राजीव सैनी के साथ निजी काम से कालपी गए थे। शाम को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। पनकी-रामादेवी फ्लाईओवर पर यशोदानगर के पास सड़क पर बिखरी बजरी से बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी।
राजीव बाइक से कूद गए, लेकिन गिरीश डंपर में फंस गए। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ा दिया। गिरीश करीब 300 मीटर तक डंपर के साथ घिसटते चले गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों के पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजीव को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। गिरीश की पत्नी सुमन और पांच बेटे हैं।
वहीं दूसरी सुबह नौबस्ता से भौंती जाने वाले हाईवे पर यशोदानगर के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से दवा कंपनी कर्मी सूरज मिश्रा (40) तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। उन्हें एंबुलेंस से कांशीराम अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। मूलरूप से प्रयागराज निवासी सूरज विराट नगर, नौबस्ता में परिवार के साथ रहते थे।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि शाम के हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक फरार है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप