केडीए : जाजमऊ में दो अवैध निर्माण सील, गज्जूपुरवा में गेस्ट हाउस का निर्माण रुकवाया
कानपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की टीम ने बुधवार को जाजमऊ में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे दो निर्माणों को सील कर दिया। वहीं गज्जूपुरवा में करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में चल रहे अवैध निर्माण और गेस्ट हाउस का काम भी रुकवा दिया गया।
केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक ने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अवैध निर्माण के मामलों में प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1ए के प्रभारी अधिकारी अतुल राय के नेतृत्व में की गई। टीम ने 150 फीट रोड जाजमऊ स्थित प्लाट संख्या 487-488 में करीब 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में हो रहे निर्माण को सील किया। यहां बरकत टैनर्स के प्रबंधक की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्रथम और द्वितीय तल का निर्माण कराया जा रहा था।
इसी तरह कंडिए कालोनी जाजमऊ में आइसा मस्जिद के बगल में करीब 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किए गए निर्माण को भी सील कर दिया गया। यह निर्माण शाहिद, ताहिर व अन्य की ओर से बिना केडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए किया गया था।
वहीं गज्जूपुरवा स्थित प्लाट संख्या 1-बी, पार्ट (कोहिनूर टैनरी) में विजय कुमार भाटिया व अन्य की ओर से करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण और गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जा रहा था। टीम ने निर्माणकर्ता को नोटिस जारी कर मौके पर चल रहा काम बंद करा दिया।
केडीए के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित निर्माणकर्ताओं को जारी नोटिस का समुचित जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी और रमाकांत समेत सुपरवाइजर व पर्याप्त सुरक्षा दल मौजूद रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप