चूल्हे की चिंगारी से लगी आग, दो मकान जलकर खाक

 


आग लगने से दो भाइयों के मकान व गृहस्थी जलकर खाक

हमीरपुर, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा थानाक्षेत्र के शंकरपुर गांव में मंगलवार को चूल्हे की चिंगारी से कच्चे खपरैल वाले मकान में आग लग जाने से दो भाइयों के मकान जलकर खाक हो गये। वहीं दमकल दस्ते ने मौके पर आग पर काबू पाया। आगजनी में घर गृहस्थी का सामान जल कर खाक हो गया।

क्षेत्र के शंकर पुर गांव निवासी अनिल शंखवार व सुनील शंखवार के कच्चे खपरैल वाले मकान में मंगलवार को चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई। जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया तथा दोनों भाइयों के कच्चे मकान धू धू कर जलने लगे। आग की लपटें देख ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया तथा घटना की सूचना थाना कुरारा पुलिस व दमकल दस्ते को दी। तब दमकल दस्ते ने आग पर काबू पाया। पीड़ित भाइयों ने बताया कि आगजनी में कच्चा मकान सहित घर गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। आगजनी की घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी गणेश तिवारी भी अपनी टीम के साथ मौके पर गए तथा सहयोग किया और पीड़ित को हरसंभव मदद कराए जाने की बात कही। तथा लेखपाल को घटना की सूचना दी गई है। थानाध्यक्ष कुरारा प्रिंस दीक्षित ने बताया कि आग लगने की सूचना पर दमकल गाड़ी मौके पर पहुंचाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। बताया कि आग से नुकसान होने की सूचना लेखपाल को दी गई है। वह जांच कर रिपोर्ट तैयार करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा