पीयू दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक जीतने वाली दो छात्राओं का मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में सम्मान
जौनपुर,30 जुलाई (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से सम्मानित मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज की दो मेधावी छात्राओं का गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
उर्दू विभाग की छात्रा जीनत कौसर पुत्री जमशेद अहमद ने स्नातक परीक्षा में 1900 में 1581 अंक (83.21 प्रतिशत) प्राप्त कर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंग्रेजी विभाग की छात्रा अफीफा खातून पुत्री अयाज अहमद ने 1900 में 1414 अंक (74.40 प्रतिशत) प्राप्त कर अपने विषय में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दोनों छात्राओं को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति के हाथों स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने दोनों छात्राओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियां देश का गौरव हैं। जीनत कौसर और अफीफा खातून ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और स्पष्ट लक्ष्य से हर सफलता हासिल की जा सकती है। इनकी उपलब्धि पूरे जनपद और महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव