कालेज की जगह युवक से मिलने पहुंच गई दो छात्राएं, परिजनों के पहुंचने पर दोनों ने लगाई फांसी- एक की मौत व दूसरी अस्पताल में भर्ती
सहारनपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। सहारनपुर के चिलकाना थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 11वीं की दो छात्राएं बृहस्पतिवार को कॉलेज जाने के बजाय पड़ोसी गांव में रहने वाले एक युवक से मिलने उसके घर पहुंच गई। दोनों के स्कूल नहीं पहुंचने पर परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। तलाश करते हुए परिजन युवक के घर पहुंचे तो वहां दोनों छात्राओं के होने की बात सामने आई। इसी दौरान युवक मौके से फरार हो गया। इसके बाद दोनों छात्राओं ने जान देने का प्रयास किया, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों छात्राएं सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंचीं। स्कूल की ओर से परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद परिजनों ने छात्राओं की सहेलियों से जानकारी की। एक सहेली से पता चला कि दोनों पड़ोसी गांव में रहने वाले एक युवक से मिलने के लिए गई हैं। इसके बाद दोनों छात्राओं के परिजन युवक के घर पहुंच गए। दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलने पर परिजनों में से एक व्यक्ति पड़ोसी की छत के रास्ते मकान के अंदर पहुंचा। वहां दोनों छात्राएं गंभीर हालत में मिलीं। पुलिस को सूचना देकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया। दूसरी छात्रा का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्राओं के स्कूल नहीं पहुंचने से लेकर युवक के घर जाने और उसके बाद फांसी लगाने के प्रयास तक पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जिस युवक के घर दोनों छात्राएं पहुंची थीं, वह घटना के बाद मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस छात्राओं के परिजनों, सहेलियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों छात्राओं ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। प्रेम संबंध के अलावा घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / MOHAN TYAGI