संशाेधित खबर : सड़क हादसे में दाे युवकों की मौत

 




बाराबंकी, 29 मई (हि.स.)।असंद्रा थाना क्षेत्र में सिद्धौर-जैदपुर मार्ग पर गुरुवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

हाजीपुर श्यामनगर निवासी राहुल रावत (25) पुत्र राम बहादुर राजस्थान में मजदूरी करता था। वह गुरुवार को राजस्थान से अपने घर लौट रहा था। बाराबंकी पहुंचने के बाद बकरीद के कारण कोई साधन न मिलने पर उसने एक निजी ऑटो बुक किया और गांव के लिए रवाना हो गया।

गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रही बाइक से ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार राहुल रावत और बाइक चालक प्रवेश रावत 24 वर्षीय पुत्र इंदल रावत अमहट वार्ड निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रवेश रावत को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राहुल रावत को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। राहुल रावत अपने ननिहाल में नाना परसादी के घर रहता था। उसके परिवार में पत्नी रामलली और चार वर्षीय बेटा है। वहीं प्रवेश रावत अपने पीछे पत्नी अनीता और 2 वर्षीय पुत्री अनिका काे छोड़ गया है।

राहुल के परिजन बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसकी पत्नी राम लली ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में दो युवकों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी