सुलतानपुर : तालाब में डूबने से दाे बच्चों की मौत, एक बच्चा गंभीर
सुलतानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर नोनरा गाँव के तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान 14 वर्षीय रत्नेश (14) पुत्र जियाराम और कुंदन (18) के रूप में हुई है। अमन (13) पुत्र प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों बच्चे दोपहर लगभग 4:00 बजे के बीच गांव में बने आरोग्य मंदिर के पीछे स्थित तालाब पर भैंस चराने गए थे। इसी दौरान रत्नेश और कुंदन तालाब में नहाने चले गए। तालाब गहरा होने के कारण दोनों बच्चे डूबने लगे। उन्हें डूबता देख अमन ने शोर मचाया और बचाने के लिए तालाब में कूद गया। अमन के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए और बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने रत्नेश और कुंदन को तालाब से बाहर निकाला। ग्राम प्रधान अशोक तिवारी के निजी वाहन से उन्हें कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अमन को गंभीर हालत में सूरापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। तीनों बच्चों के पिता मजदूरी और किसानी का काम करते हैं। कादीदीपुर क्षेत्राधिकारी विनय कुमार ने बताया की शवाें को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त