एसडी.बडोला की पुस्तक तुम्हरे हमरे राम बराबर पुस्तक का हुआ विमोचन

 


लखनऊ, 06 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति में यूपी प्रेस क्लब में सोमवार को लेखक व पत्रकार एसडी.बडोला की लिखी पुस्तक तुम्हरे हमरे राम बराबर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार नरेन्द्र भदौरिया ने कहा कि हमको गर्व होता था कि हम सभ्यता के शिखर पर हैं मगर यह हमारी गलतफहमी है, आज हमारी सभ्यता खत्म होती जा रही है। सच्चाई यह है कि आज हम स्वंय को ही नहीं पहचान पा रहे हैं। उन्होंने एसडी.बडोला को शब्द साधक बताते हुए कहा कि यह किताब रिश्तों को बचाने में अहम योगदान देगी। नरेन्द्र भदौरिया ने कहा कि आज हमको अपने सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने की सख्त जरूरत है।

इसी क्रम में नवभारत टाइम्स के सम्पादक सुधीर मिश्रा ने पुस्तक के शीर्षक की प्रशंसा और उसकी सफलता की कामना करते हुए कहा कि हमको भगवान राम का बंटवारा नहीं करना चाहिए। पुस्तक विमोचन की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार जेपी.शुक्ला ने कहा कि एसडी.बडोला की पुस्तक तुम्हरे हमरे राम बराबर की समीक्षा नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में किसी न किसी की रुचि की कोई कविता जरूर मिलेगी।

उर्दू साहित्यकार अहमद इब्राहिम अल्वी ने कहा कि अखबार में लेखक के बारे में भी लिखना चाहिए कि वह कितनी दुश्वारियों के बीच समाज का आईना दिखाता है।

हास्य कवि सर्वेश अस्थाना ने कहा कि पुस्तक तुम्हरे हमरे राम बराबर, इस बात का सुबूत है कि आज भी अभिव्यक्ति की पूरी आजादी है। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के लखनऊ मंडल के अध्यक्ष शिवशरण सिंह ने पुस्तक की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन प्रेमकांत तिवारी ने किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन