गेहूं लदा ट्रक पलटने से चालक की मौत
कानपुर, 16 जून (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र में जामू नहर पुल के पास मंगलवार को गेहूं से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य चलाकर शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि गौशाला निवासी हैदर अली ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार सुबह वह गेहूं क्रय केंद्र से गेहूं लेकर सजारी स्थित आईएफसी गोदाम की ओर जा रहे थे। रास्ते में जामू नहर पुल के निकट अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। ट्रक पलटते ही चालक उसके नीचे फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिधनू पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक के नीचे दबे होने के कारण काफी दिक्कत हुई। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।
हादसे के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप