ट्रक की केबिन में मिला चालक का शव
औरैया, 11 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर रोड स्थित सरकारी शराब गोदाम के बाहर एक ट्रक चालक का शव उसकी केबिन में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक चालक की पहचान कल्याण सिंह पुत्र राजपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रविवार शाम सरकारी देशी शराब लेकर औरैया आया था, लेकिन लेबर उपलब्ध न होने के कारण शराब की खेप गोदाम पर नहीं उतर सकी। इसके चलते चालक ने ट्रक को गोदाम के बाहर ही खड़ा कर दिया था।
सोमवार सुबह चालक का शव ट्रक की केबिन में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक या फूड प्वाइजनिंग प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार