पुरानी रजिश में सड़क पर पीट-पीटकर ट्रक चालक की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार,एक की तलाश जारी
जौनपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई जब पुरानी रंजिश को लेकर एक ट्रक चालक की सरेरोड लोहे की सरिया और डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। घाट की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।मृतक की पहचान तिवारीपुर निवासी विशाल यादव (28) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय जोखू यादव के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार विशाल का रामदयालगंज बाजार निवासी एक व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते शुक्रवार सुबह उन पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शी संदीप यादव ने पुलिस को बताया कि वह और विशाल एक ही बाइक से सैलून से लौट रहे थे। रामदयालगंज बाजार के पास कुछ लोग पहले से झाड़ियों में छिपे थे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले संदीप पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद विशाल पर हमला किया गया। संदीप ने हमले में नीरज यादव, प्रियांशु यादव और मनीष यादव के शामिल होने का आरोप लगाया है।संदीप ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में इन्हीं लोगों ने विशाल के भाई विकास यादव के साथ मारपीट की थी, जिसमें उसके दोनों हाथ टूट गए थे। परिजनों का आरोप है कि उस समय पुलिस में शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपिताें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना में शामिल दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। करीब चार घंटे तक जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग बाधित रहा। रामदयालगंज बाजार में कई दुकानें बंद रहीं और सड़क पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।स्थिति को देखते हुए मौके पर दो अपर पुलिस अधीक्षक, तीन क्षेत्राधिकारी, सात थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। मारपीट के दौरान विशाल यादव की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव