ट्रक-बस की आमने-सामने भिड़ंत में मां की मौत, बेटा समेत चार घायल
बांदा, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कानपुर से हृदय रोग का इलाज कराकर बेटे के साथ घर लौट रही मां की रास्ते में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। चिल्ला थाना क्षेत्र के घूरा मोड़ के पास देर रात ट्रक और बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार कमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका बेटा प्रेम नारायण शुक्ला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कमला देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के इस्माइलगंज निवासी कमला देवी (पत्नी स्वर्गीय गंगा प्रसाद) करीब एक वर्ष से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। उनका कानपुर स्थित कार्डियोलॉजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। दो दिन पहले वह प्रयागराज से अपने मायके कर्वी पहुंची थीं। इसके बाद बेटे प्रेम नारायण शुक्ला के साथ इलाज कराने कानपुर गई थीं। देर रात मां-बेटे बस से कर्वी लौट रहे थे। इसी दौरान चिल्ला थाना क्षेत्र के घूरा मोड़ के पास ट्रक और बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही चिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कमला ने देवी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में ट्रक कंडक्टर अतुल निवासी बाराबंकी, बस चालक नवल किशोर, बस कंडक्टर गरिमा पुत्री रामरूप और कमला देवी का बेटा प्रेम नारायण शुक्ला शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिस मां को इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद थी, उसकी रास्ते में ही सांसें थम गईं। हादसे में मां को खोने वाला बेटा भी घायल अवस्था में अस्पताल में जिंदगी से जूझ रहा है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने रविवार की शाम बताया कि 28/29 नवंबर 2026 की रात्रि थाना चिल्ला क्षेत्रांतर्गत सूचना प्राप्त हुई कि एक बस जो कानपुर से बांदा की ओर आ रही थी भूरा मोड़ पलरा गांव के पास एक ट्रक से टकरा गई जिस कारण बस में सवार बस कंडक्टर सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान कमला देवी उम्र करीब 65 वर्ष निवासी थाना थरवाई प्रयागराज की मृत्यु हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह