ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे की मौत, एक गम्भीर
फतेहपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार की सुबह निमंत्रण में आ रहे मां-बेटे को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया जिससे मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव निवासी मूलचन्द्र अपने परिवार सहित कानपुर में रहते हैं। वह खागा कोतवाली क्षेत्र के संग्रामपुर रिश्तेदारी में शादी थी। पुत्र सूरज (22), पत्नी पुष्पा(42) व छोटा पुत्र अनुराग(11) आज मोटरसाइकिल में सवार होकर खागा जा रहे थे। जैसे ही यह लोग कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बक्सर मोड़ के समीप पहुंचे तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया जिससे पुष्पा देवी व सूरज की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग जाने में सफल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अनुराग को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
कल्यानपुर थानाध्यक्ष सुमित देव पांडे ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार