चोरी और हादसों से परेशान युवक ने लगाई फांसी, मौत

 


कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरी और हादसे से परेशान युवक ने रविवार को फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी होने पर परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की पड़ताल में जुट गई है।

चकेरी के अहिरवां इलाके में रहने वाले संतोष कुमार (45) प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में पिता अमृतलाल पत्नी सुनीता बेटा अभय और बेटी नंदिनी है। बेटा कन्नौज में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।परिजनों बताया कि पिछले साल अप्रैल के महीने में घर में चोरी हो गई थी। जिसमें लाखों का सामान चला गया था। इस बात को लेकर संतोष काफी परेशान रहते थे। इसके बाद एक सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज में काफी रुपए भी खर्च हुए थे। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी।

रविवार काे अचानक बिना किसी से कुछ कहे हुए वह अपने कमरे में गए। जहां पर उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे के बाहर न आने पर उन्हें आवाज़ लगाई गई तो पाया गया कि उनका शव फांसी के फंदे से झूल रहा है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप