तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक : नीलिमा कटियार
कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराता है। यह बातें गुरुवार को भाजपा विधायक नीलिमा कटियार ने फूलबाग स्थित नाना राव पार्क में आयोजित तिरंगा कंसर्ट में कहीं।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित कंसर्ट में देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों में राष्ट्रप्रेम का भाव जगाया। कार्यक्रम की शुरुआत वीर बलिदानियों के परिजनों, सेना के जवानों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। नायशा अरोड़ा ने सितार पर स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
ओंकारेश्वर विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने वंदे मातरम् पर भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। इसके बाद तरंग सेवा संस्थान के कलाकारों ने नाट्य मंचन के जरिए स्वतंत्रता संग्राम और देश के लिए दिए गए बलिदानों को प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और परिसर भारत माता के जयकारों से गूंजता रहा।
कवि सम्मेलन में मुकेश श्रीवास्तव, बृजेंद्र प्रताप सिंह और मनीष मीत ने देशभक्ति से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कीं। वीर रस की कविताओं ने लोगों में उत्साह भरा, वहीं बलिदानियों की स्मृतियों से जुड़ी रचनाओं ने माहौल को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने देश की रक्षा में तैनात जवानों के लिए अपने हाथों से लिखे पत्र सेना के जवानों को सौंपे। इस दौरान बच्चों ने सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों के त्याग से देश आजादी हासिल कर सका है। नई पीढ़ी को उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए। विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने भी स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।
विधायक नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने वीर सैनिकों के परिजनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। हर घर तिरंगा अभियान की विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप