तिरंगा देश की आन, बान और शान, हर वर्ग एकजुट होकर यात्रा का करे सम्मान : अनिल दीक्षित

 


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और इसके सम्मान के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की ओर से 13 अगस्त को फूलबाग से घंटाघर तक निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं समेत आमजन को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना है। यह बातें भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय, नवीन मार्केट में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।

उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को सुबह 11 बजे फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा से भव्य तिरंगा यात्रा शुरू होगी। यात्रा भारत माता प्रतिमा होते हुए घंटाघर तक पहुंचेगी। इसमें पांच हजार से अधिक लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा ने यात्रा में युवाओं और खासकर जेन-जी की भागीदारी पर विशेष जोर दिया है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा यात्रा किसी एक वर्ग या संगठन तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य पूरे समाज को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति के भाव से जोड़ना है। यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों और राष्ट्रध्वज के गौरव से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।

यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा ने कार्यकर्ताओं के साथ शहरवासियों से भी हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

यात्रा के संयोजक अभिनव दीक्षित ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। फूलबाग से घंटाघर तक यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति से जुड़े संदेशों के साथ लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सीमा एमबीए, पारस मदान और आशीष बाजपेयी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप