कारगिल दिवस पर पूर्व फौजियों ने अमर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

 




महोबा, 26 जुलाई (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में कारगिल विजय दिवस पर शनिवार को वीरभूमि के अमर शहीद बालेन्द्र सिंह व जगदीश यादव जैसे उन जांबाजों को नमन कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जिन्होंने 1999 में पाकिस्तान से हुई लड़ाई में दुश्मनों के छक्के छुड़ा दिए और देश के लिए बलिदान हो गये। उनके समाधि स्थल पर उनके परिजनों, पूर्व सैनिकों व समाज सेवियों ने उनके जीवन से जुड़े रोचक प्रसंग भी सुनाए।

पूर्व फौजियों और समाजसेवियों ने शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जनपद के पचपहरा गांव निवासी शहीद जगदीश प्रसाद यादव और गंज गांव निवासी शहीद बालेंद्र सिंह की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर बुंदेलखंड पूर्व सैनिक कल्याण संघ के उपाध्यक्ष कैप्टन देवीदीन यादव ने बताया कि हमें गर्व है कि 60 दिन तक चले कारगिल युद्ध में 527 सैनिक शहीद हुए थे। उनमें दो बलिदानी हमारे यहां भी हैं।

बलिदानी बालेन्द्र के बड़े भाई रणविजय सिंह ने कहा कि उन्होंने कैसे टाइगर हिल पर दुश्मनों से डटकर मुकाबला किया और देश के अमर हो गए।

इस मौके पर हम भी खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं। । कार्यक्रम में कैप्टन बुंदेली समाज के तारा पाटकर, देवीदीन यादव, कैप्टन राम सेवक, कमांडो रवीन्द्र सिंह, रणविजय, जय सिंह, इंद्रपाल, बलवीर सिंह, रामजी राजपूत, अमरचंद, लाला भाई पाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी