विश्वविद्यालय की बॉक्सिंग टीम का चयन एक अक्टूबर को
गोरखपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026-27 में प्रतिभाग करने के लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग टीम का चयन एक अक्टूबर को किया जाएगा। टीम चयन के लिए ट्रायल विश्वविद्यालय क्रीड़ांगन में अपराह्न एक बजे से आयोजित होगा।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव प्रो. राजवीर सिंह ने साेमवार काे बताया कि 30 अक्टूबर से गलगोटिया विश्वविद्यालय, नोएडा में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय बॉक्सिंग (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाग करने वाली टीम के चयन के लिए एक अक्टूबर को ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयन और ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों। प्रतिभागियों को हाईस्कूल से अब तक के सभी मूल अंकपत्र, शुल्क रसीद, आधार कार्ड, एक फोटो और परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभागियों को अपने प्राचार्य द्वारा जारी लिखित अधिकार पत्र के साथ ट्रायल में शामिल होना होगा। क्रीड़ा परिषद ने इच्छुक प्रतिभागियों से समय से पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। क्रीड़ा परिषद सचिव ने बताया कि चयन प्रक्रिया के संबंध में प्रतिभागियों को निर्धारित समय और स्थान का विशेष ध्यान रखना होगा। चयनित खिलाड़ी ही आगामी अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय