रोजगार विभाग को 14,600 स्वयं सहायता समूहों की फैमिली आईडी बनाने का दिया लक्ष्य

 


- राशन कार्डधारक परिवार से एक महिला को स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाएगा

मुरादाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन के बापू सभागार में मनरेगा, फैमिली आईडी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिवार पहचानपत्र के अंतर्गत स्वतः रोजगार विभाग को 14,600 स्वयं सहायता समूहों की फैमिली आईडी और श्रम विभाग को 70 हजार श्रमिकों का परिवार पहचान पत्र बनाने का नया लक्ष्य दिया गया है।

सीडीओ ने बैठक कर विभागों के नए लक्ष्य तय किए। पुराने लक्ष्यों को मार्च माह के अंत तक पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी राशन कार्डधारक परिवारों से एक महिला सदस्य को समूह से जोड़ने को कहा गया है। अन्नपूर्णा भवन योजना, पोषण वाटिका एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण सहित विभिन्न विभागों के लक्ष्यों को 31 मार्च तक पूर्ण करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 18 व 19 मार्च को मेगा कैंप में बैंकों में समूहों के खाते व सीसीएल पत्रावलियों का निस्तारण कराने, बैंकों में समूहों के एनपीए खाते कम करने व बंद कराने के निर्देश भी दिए।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल