विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए छात्राओं को दिया जाएगा जूडो, कराटे और ताइक्वांडो का प्रशिक्षण
परिषदीय विद्यालयों में होगा सेल्फ डिफेंस क्लब का गठन
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह बोले, छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जोड़ना महत्वपूर्ण पहल
मुरादाबाद, 27 अगस्त (हि.स.)। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में बेटियों को सशक्त बनाने के लिए सेल्फ डिफेंस क्लब का गठन किया जा रहा है। छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए जूडो, कराटे और ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने गुरुवार काे बताया कि मुरादाबाद में 1408 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान के तहत जूनियर विद्यालयों में छात्राओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। विद्यालयों में प्रशिक्षण अनुदेशकों, व्यायाम शिक्षकों और शिक्षिकाओं के माध्यम से करवाया जा रहा है।
बीएसए ने आगे बताया कि छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जोड़ना महत्वपूर्ण पहल है। हमारा उद्देश्य बेटियों को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा की भावना विकसित करना है। इसके साथ महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ आपातकालीन हेल्पलाइन का इस्तेमाल करना भी सिखाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल