प्रशिक्षण महाअभियान से सशक्त होगा संगठन, कार्यकर्ताओं में आएगी नई ऊर्जा: धर्मपाल सिंह

 


गोरखपुर, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आजमगढ़ में गोरखपुर क्षेत्र के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं मंडल प्रशिक्षण प्रमुखों के साथ समीक्षा एवं आगामी योजना बैठक में संवाद किया।

बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण की परम्परा मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने की जीवंत प्रक्रिया है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में वैचारिक मजबूती और व्यवहारिक अनुशासन विकसित होता है, जो संगठन की ताकत को कई गुना बढ़ाता है।

उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को पार्टी की कार्य संस्कृति की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह महाअभियान उन्हीं विचारों को कार्यकर्ताओं के जीवन में उतारने का प्रभावी माध्यम है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की सतत प्रक्रिया है, जो सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना को प्रखर बनाती है। संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर तक सक्रिय, जागरूक और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं में निहित होती है।

उन्होंने इस महाअभियान को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा मिलेगी। यह अभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियानों से जोड़कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाएगा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने विश्वास जताया कि इस व्यापक प्रशिक्षण से संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत साधना है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का प्रकाश पहुँचेगा।

अंत में उन्होंने कहा कि जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा, तभी राष्ट्र जीवन में समरसता, सेवा और संगठन की वास्तविक शक्ति का प्रसार संभव हो सकेगा। यह महाअभियान संगठनात्मक एकजुटता को और सशक्त करते हुए आगामी दायित्वों के निर्वहन में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, स्पष्टता और आत्मविश्वास प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय