119 वाहनों का चालान, 4 सीज
देवरिया, 02 अप्रैल (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शहर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि बस स्टैंड और मुख्य सड़कों पर अभियान चलाकर वाहनों की गहन जांच की। चेकिंग के दौरान सड़क पर गाड़ी खड़ी कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस के अभाव, बिना हेलमेट वाहन चलाने और बाइक पर तीन सवारी बैठाने वालों का मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया।
अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर की मदद से नशे में वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा की चेकिंग कर सही कागजात मिलने पर उनकी नंबरिंग भी की गई।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में कुल 119 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 4 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक