देवरिया में यातायात पुलिस ने किए 68 वाहनों का चालान और तीन वाहन सीज
देवरिया, 09 मई (हि.स.)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को यातायात पुलिस ने शहर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 68 वाहनों का ई-चालान और तीन वाहनों को सीज किया गया।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि शनिवार को यातायात पुलिस टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान बस स्टैंड और सुभाष चौक पर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया और कई वाहनों को सीज भी किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित हो रहे ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों की जांच की गई। जांच में अनियमितता मिलने पर तीन वाहनों को सीज कर दिया गया। वहीं राघव नगर और जलकल रोड पर नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने और वैध दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी। शहर में बढ़ती यातायात समस्या और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक