प्रदेश भर का व्यापारी 13 सितंबर को कानपुर में भरेगा हुंकार, उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगा व्यापारी वर्ग : डॉ. अनूप शुक्ला

 


कानपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। प्रांतीय महासम्मेलन में पूरे प्रदेश के व्यापारी अपनी मांगों को पूरी ताकत के साथ उठाएंगे। अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का किया जा रहा उत्पीड़न अब व्यापारी वर्ग बर्दाश्त नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेगा। यह बातें बुधवार को प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल रजिस्टर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप शुक्ला ने मंगलवार को कही।

प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल रजिस्टर्ड की ओर से आगामी 13 सितंबर को आयोजित होने वाले प्रांतीय महासम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को कानपुर जिला कार्यालय दुधवा बंगला, सिविल लाइंस में आयोजित तैयारी बैठक में प्रदेश भर से व्यापारियों की भागीदारी और सम्मेलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप शुक्ला ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष जेपी यादव ने किया। बैठक में तय किया गया कि 13 सितंबर को सुबह 10 बजे सिविल लाइंस स्थित मरचेंट चैंबर हॉल में प्रांतीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से व्यापारी और व्यापारी नेता अपने साथियों के साथ शामिल होंगे।

डॉ. अनूप शुक्ला ने कहा कि सम्मेलन में प्रदेश भर के व्यापारियों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर व्यापारियों के उत्पीड़न की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसी स्थिति में व्यापारी वर्ग को संगठित होकर अपनी आवाज उठानी होगी।

उन्होंने कहा कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और पीड़ित व्यापारी परिवारों को न्याय नहीं मिला तो प्रदेश के छोटे-बड़े व्यापारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। हाल के दिनों में कानपुर में हुई व्यापारी की हत्या पर भी बैठक में आक्रोश व्यक्त किया गया और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

बैठक में जेपी यादव, मधु सिंह, आपा पटेल, कीर्ति अहिरवार, अनिल शुक्ला, रजत सिंह गौड़, हकीम खान, प्रांजल शुक्ला, शैलेंद्र मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, विनोद पांडे, ओमप्रकाश, चेतन गुप्ता, कुलदीप तिवारी, राहुल पाल, नदीम, महेश सिंह, विनु गुप्ता, प्रेम पांडे, प्रदीप तिवारी, गोपी वर्मा, ओमजी द्विवेदी, ज्योति रावत और संदीप शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप