व्यापारी संगठन ने पुलिस कमिश्नर से की शिकायत, थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग

 


कानपुर, 19 जून (हि.स.)। रूमा क्षेत्र में न्यायालय के स्टे ऑर्डर के बावजूद भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा और निर्माण कार्य कराया जा रहा है तथा शिकायत के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, बल्कि धमकी दी जा रही है। यह बातें शुक्रवार को महानगर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री शरद लोचन शुक्ला ने कहीं।

कानपुर में महानगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर थाना महाराजपुर प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने इस संबंध में स्टाॅफ आफीसर काे एक ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि रूमा क्षेत्र में कोर्ट का स्टे ऑर्डर होने के बावजूद भूमाफिया दिलीप गुप्ता और शिवांश गुप्ता द्वारा जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें थाना प्रभारी की संलिप्तता बताई जा रही है।

व्यापारियों का कहना है कि ऐसे पुलिसकर्मियों और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि न्यायपालिका के आदेशों का सम्मान सुनिश्चित हो सके।

दरअसल, रूमा क्षेत्र में एक सरकारी भूमि के साथ-साथ पीड़ित संतोष कुमार गुप्ता, उमाशंकर प्रसाद और अर्टानी होल्डर अतुल गुप्ता की निजी जमीन भी बताई जा रही है। आरोप है कि इन जमीनों पर सांवरिया हाउसिंग स्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर शिवांश गुप्ता और दिलीप गुप्ता द्वारा कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है।

महामंत्री शरद लोचन शुक्ला ने बताया कि इस मामले में न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए अवैध कब्जा और निर्माण कार्य जारी है। इसकी शिकायत महाराजपुर थाना प्रभारी से की गई थी, लेकिन कार्रवाई के बजाय उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।

इन्हीं आरोपों के संबंध में व्यापारियों ने पुलिस कमिश्नरेट को ज्ञापन सौंपकर मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप