व्यापारियाें के वोट से बनेगी उत्तर प्रदेश में सरकार, 2027 के चुनाव में होगी निर्णायक भूमिका: अनूप शुक्ला

 


कानपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। व्यापारी किसी एक राजनीतिक दल से बंधा नहीं है। जो राजनीतिक दल व्यापारियों को उचित हिस्सेदारी और सम्मान देगा, व्यापारी उसके साथ खड़ा होगा। 2027 के विधानसभा चुनाव में व्यापारी अपने वोट की ताकत बढ़ाकर सरकार बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। यह बातें रविवार को प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप शुक्ला ने रविवार को कानपुर मर्चेंट चेंबर, सिविल लाइंस में आयोजित प्रादेशिक व्यापारी महासम्मेलन में कहीं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यापारी वर्ग की संख्या करीब 30 प्रतिशत है। चुनाव के समय सभी राजनीतिक दल व्यापारियों से वोट मांगते हैं, लेकिन राजनीतिक भागीदारी देने के समय व्यापारियों को अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिलती। अब व्यापारी अपने अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाएगा और राजनीतिक दलों के सामने अपनी मांगों को प्रमुखता से रखेगा।

सम्मेलन में व्यापारियों ने पुलिस, जीएसटी, खाद्य विभाग, नगर निगम और प्राधिकरण के अधिकारियों पर चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने सभी थानों में अलग व्यापारी सेल बनाने और व्यापारियों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने की मांग की।

व्यापारी नेताओं ने स्टार्टअप योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। उनका कहना था कि योजनाओं की घोषणा के बावजूद युवाओं को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। युवाओं को उद्योग शुरू करने के लिए 25 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण और निशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की गई।

महासम्मेलन में व्यापारी सुरक्षा आयोग के गठन, राजनीतिक हिस्सेदारी, ऑनलाइन शॉपिंग के लिए नई नीति, छोटे व्यापारियों को सुविधाएं देने, महिला उद्यमियों को जीएसटी में विशेष छूट, मंडी शुल्क समाप्त करने और सरकारी समितियों में व्यापारियों को शामिल करने की मांग रखी गई।

इसके अलावा व्यापारी पेंशन लागू करने, सिंगल विंडो सिस्टम बनाने, छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने, जीएसटी की जटिलताएं दूर करने, सस्ता लाइसेंस देने और डीजल-पेट्रोल को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की गई। अतिक्रमण के नाम पर हटाए गए छोटे व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराने और नए उद्योगों के लिए सस्ती दरों पर भूमि आवंटित करने की मांग भी उठी।

सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बृजेन्द्र गुप्ता ने की। संचालन लखनऊ के जिला अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने किया, जबकि स्वागत भाषण कानपुर जिला अध्यक्ष जेपी यादव ने दिया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से व्यापारी नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। डॉ. अनूप शुक्ला का माला पहनाकर, प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र और स्वर्ण मुकुट भेंटकर स्वागत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप