ब्रज में पर्यटकों को मिलेगी विश्व प्रसिद्ध सुविधायें

 


--मुख्यमंत्री योगी से मिले विवांता ताज होटल के मालिक

मथुरा, 01 अप्रैल (हि.स.)। ब्रज में आने वाले देश-विदेश के पर्यटक श्रद्धालुओं को अब विश्व प्रसिद्ध आवासीय सुविधा मिलने जा रही है। इस कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद हर तरह की सुविधाओं की समीक्षा खुद कर रहे हैं।

इसी दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में ब्रज की हृदय स्थल वृन्दावन स्थित विवांता ताज होटल एवं बृजवासी मिठाई वाला ग्रुप के मालिक राजीव अग्रवाल एवं उनके सुपुत्र पुलकित अग्रवाल ने मुलाकात की। उद्योगपति राजीव अग्रवाल ने प्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए बैठक में कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के चलते वृन्दावन में पर्यटन उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसी अनुकूल माहौल का परिणाम है कि यहां लगातार फाइव स्टार होटल और उच्च स्तरीय सुविधाएं विकसित हो रही हैं। युवा समाजसेवी एवं उद्योगपति पुलकित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को अपने ग्रुप के भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें पर्यटन और निवेश से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार