सरदार पटेल ने देशी रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव मजबूत की : अनिल दीक्षित
कानपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र की एकता और सामाजिक समरसता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। यह बातें बुधवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी में कहीं।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा कानपुर उत्तर के तत्वावधान में ‘सबसे ऊंचा सरदार’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया गया। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने और अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संगोष्ठी की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देशहित को सर्वोपरि रखने की आवश्यकता है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल का त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सभी को राष्ट्रवाद के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
संगोष्ठी की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। अंत में भाजपा पिछड़ा मोर्चा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, शिवांग मिश्रा, सुरेंद्र गुप्ता, जीतू कश्यप, अनामिका पाल और मनोज शर्मा प्रधान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप