विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे आज के विद्यार्थी : कुलपति
जौनपुर,10 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षांत समारोह-2026 से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित एकलव्य स्टेडियम एवं राष्ट्रीय सेवा योजना भवन में किया गया। यह आयोजन राजभवन सचिवालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित हुआ। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि यही बच्चे भविष्य में वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी और राष्ट्रनिर्माता बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, विषयों को गहराई से समझने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही जंक फूड से बचने और संतुलित भोजन करने की सलाह दी।प्रतियोगिताओं में पारंपरिक खेल, 100 मीटर दौड़, पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर गीत-गायन, अभिनय, देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, मेरी माँ विषय पर भाषण, निबंध, काव्य-पाठ और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राज बहादुर यादव ने किया। इस अवसर पर शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव