हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है तिरंगा : सुरेंद्र मैथानी

 


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनभागीदारी का रूप ले चुका है और तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह यात्रा स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन करने के साथ ही नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने का माध्यम है। यह बातें मंगलवार को पनकी विधानसभा क्षेत्र के दादा नगर में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।

हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पनकी मंडल के दादा नगर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक सुरेंद्र मैथानी और भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अगुवाई में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।

दादा नगर से शुरू हुई यात्रा पनकी मंडल के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने तिरंगा फहराने के साथ यात्रा का नेतृत्व किया।

विधायक ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनगिनत लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ऐसे में तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो रही है। ऐसी यात्राएं समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करने का काम करती है।

कार्यक्रम में पार्षद आरती त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, अभिनव दीक्षित, ललित उपाध्याय, सियाराम पाल, आलोक तिवारी, राजेश सिंह, केके तिवारी, प्रियंका सिंह, आशा पाल, अस्मिता निगम सहित पार्टी पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। विधायक ने लोगों से अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप