धर्म के साथ देशभक्ति का संदेश दे रही तिरंगा कांवड़ यात्रा : विवेक मिश्रा

 


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। धार्मिक आस्था के साथ देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से तिरंगा कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। यह बातें मंगलवार को तिरंगा कांवड़ यात्रा सेवा समिति के आयोजक विवेक मिश्रा ने कहीं।

जाजमऊ स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए मंगलवार काे सरसैया घाट से तिरंगा कांवड़ यात्रा निकाली गई। तिरंगा कांवड़ यात्रा सेवा समिति की ओर से लगातार तीसरे वर्ष आयोजित यात्रा में करीब 250 बाबा सिद्धनाथ भक्तों ने कांवड़ उठाकर हिस्सा लिया। यात्रा में धार्मिक आस्था के साथ देशभक्ति का रंग भी देखने को मिला।

सरसैया घाट से शुरू हुई यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम को जाजमऊ स्थित बाबा सिद्धनाथ धाम पहुंची। कांवड़ियों के हाथों में तिरंगा और कंधों पर कांवड़ नजर आई। श्रद्धालु बाबा सिद्धनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े, जिससे रास्ते में माहौल भक्तिमय बना रहा।

यात्रा में विभिन्न झांकियां भी शामिल की गईं। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत माता की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छोटे बच्चों से लेकर बड़े श्रद्धालुओं ने भी उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शाम को यात्रा बाबा सिद्धनाथ मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। कांवड़ियों ने भगवान से परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजक विवेक मिश्रा ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। लगातार तीसरे वर्ष यात्रा आयोजित होने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। इस दौरान समिति के अध्यक्ष राजीव लांबा, उपाध्यक्ष विवेक निषाद (डब्बू), मोनू, केतन, हिमांशु वर्मा, आशु बाबा, अनुराग, कुनाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप