पेट की बीमारियों को नजरअंदाज न करें, समय पर जांच जरूरी: डॉ. पीयूष मिश्रा
कानपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। पेट से जुड़ी लगातार बनी रहने वाली समस्याओं को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने से गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है। यह बातें वरिष्ठ पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयूष मिश्रा ने रविवार को स्व. सीएन मिश्रा एवं स्व. सुमन मिश्रा मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में कही।
आज आयोजित शिविर में पेट और दंत रोगों से संबंधित करीब 350 मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लिया। शिविर में डॉ. पीयूष मिश्रा और डॉ. प्राची मिश्रा ने मरीजों की जांच की। पीलिया, लीवर सिरोसिस, खूनी पेचिश, उल्टी-दस्त, पेट में जलन और सूजन तथा पित्त की थैली में पथरी की शिकायत लेकर मरीज पहुंचे। कुछ मरीजों में पेट की टीबी से संबंधित समस्या भी सामने आई।
शिविर में दंत रोग विशेषज्ञों ने भी मरीजों की जांच की। मुंह से संबंधित विभिन्न समस्याओं के साथ मुंह के कैंसर के लक्षण वाले मरीज भी जांच के लिए पहुंचे। डॉक्टरों ने मरीजों को आवश्यक जांच, उपचार और सावधानियों के संबंध में जानकारी दी।
आयोजकों के अनुसार शिविर में विभिन्न चिकित्सकीय जांचों पर चालीस से 50 प्रतिशत तक की छूट दी गई। इससे मरीजों को कम खर्च में आवश्यक जांच कराने की सुविधा मिली। शिविर का उद्घाटन अजीत तिवारी, राकेश मिश्रा, अमित मिश्रा, दीप सारस्वत, विजय तनेजा और डॉ. ए.के. तिवारी ने किया। ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप