राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में हमीरपुर के तीन छात्र चयनित
हमीरपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे सुमेरपुर कस्बे के बचपन एंड एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल (एएचपीएस) के तीन होनहार तैराकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के डायरेक्टर सत्य प्रकाश गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि विद्यालय के कक्षा पांच के छात्र श्रेयस और कक्षा तीन की छात्रा आव्या तथा कक्षा सात की छात्रा आराध्या का चयन राष्ट्रीय स्तर के एएचपीएस मेगा इवेंट के लिए हुआ है। तीनों प्रतिभागी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
तीनों विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और शानदार तैराकी कौशल के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनके चयन से विद्यालय परिवार के साथ ही अभिभावकों में भी खुशी का माहौल है। विद्यालय के डायरेक्टर सत्य प्रकाश गुप्ता ने तीनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए फाइनल राउंड के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ऋचा मिश्रा ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उनका चयन जिले के अन्य बच्चों को खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा