आशीष हत्याकांड के तीन और आरोपित गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई तेज
जौनपुर,26 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में हुए चर्चित आशीष चौहान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले गुरुवार की भोर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो अन्य आरोपियों को भी दबोचा था।
पुलिस के अनुसार, संघईपुर गांव निवासी अरविंद चौहान के पुत्र आशीष चौहान उर्फ चिघडू की हत्या सिरकोनी गांव में कर दी गई थी। इस मामले में अरविंद चौहान की तहरीर पर बाबूराम, राजा, शिवपूजन, राहुल, संजू और विवेक समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था।जफराबाद थाना प्रभारी गजानंद चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए विवेक चौहान और अविनाश चौहान को सादीपुर गांव स्थित उषा मलारी इंटरप्राइजेज के पास से गिरफ्तार किया। वहीं मुख्य आरोपित बाबूराम चौहान को गुमटहियां मार्केट, महिमापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने गुरुवार काे बताया कि इससे पहले बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि गुरुवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान भी दो अभियुक्तों को पकड़ा गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय भेजा गया है। साथ ही फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।इस हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहत का माहौल है कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव