फर्रुखाबाद, मार्ग दुर्घटना में महिला समेत तीन कावड़ियों की मौत
फर्रुखाबाद, 10 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क हादसों में महिला समेत तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास हादसे में महिला समेत दो कांवड़ियों ने मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं, राजेपुर क्षेत्र के डबरी के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय कांवड़िये की मौत हो गई।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास कांवड़ियों के साथ हादसा हुआ। मैनपुरी के जंगपुरा निवासी गिरजा देवी पत्नी राम लड़ैत और थाना बेवर क्षेत्र के खाकेताल निवासी ऋषभ पुत्र माया प्रकाश अपने साथियों के साथ कांवड़ लेकर मार्कण्ड मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे।
साथियों के मुताबिक, करीब 25 से 26 लोग कांवड़ यात्रा पर निकले थे। सभी लोग पांचाल घाट से जल भरकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हवाई पट्टी के पास सामने से मोहम्मदाबाद की ओर आ रही बाइक ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पीछे से आए वाहन की चपेट में आने से गिरजा देवी और ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे । पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेज दिया।
वहीं, राजेपुर थाना क्षेत्र के डबरी के पास इटावा-बरेली हाईवे पर 22 वर्षीय विवेक पुत्र लालमन, निवासी गंगापुरवा थाना गुरसहायगंज, जनपद कन्नौज, हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि विवेक करीब 35 लोगों के साथ कांवड़ लेकर निकला था। रास्ते में कांवड़ खंडित हो जाने के कारण उसके साथी पांचाल घाट जल लेने चले गए। विवेक अपने साथियों के साथ डबरी मार्ग के पास खड़ा था। इसी दौरान ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया।
हादसे में विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी उसे ऑटो से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवेक
गुरसहायगंज से गोलकनाथ जा रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विवेक दो भाइयों में बड़ा था। कांवड़ यात्रा के दौरान हुए दोनों सड़क हादसों में महिला समेत तीन कांवड़ियों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। सीओ मोहम्मदाबाद अभय कुमार वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। दुर्घटना कर भागे वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar