तीन दोस्तों ने दोस्त की हत्या कर जंगल में दबाया, पुलिस डॉग ने किया राजफाश
मथुरा, 08 अक्टूबर(हि.स.)। पुलिस डॉग ने जंगल में गड्ढे के अंदर दबे शव का राजफाश बुधवार देर रात कर दिया। थाना कोसीकलां के गांव बरका में युवक को साथ लेकर जंगल गए तीन दोस्तों ने उसकी हत्या कर शव को गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया। देर शाम तक युवक के नहीं लौटने पर स्वजन ने दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। इसके बाद तीनों दोस्त गांव से फरार हो गए।स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए तीनों दोस्तों के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जंगल में तलाश की। बीती रात युवक का शव गड्डे से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोस्तों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि कोसीकलां के गांव बरका निवासी शौकीन बुधवार सुबह आठ बजे अपने तीन दोस्त विष्णु, लक्ष्मण और आशीष के साथ जंगल गए थे। साथ गए तीन युवक वापस लौट आए, लेकिन शौकीन के घर न पहुंचने पर स्वजन को अनहोनी की आशंका हुई। स्वजन ने तीनों युवकों के घर पहुंचकर शौकीन के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन आरोप है कि उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद तीनों युवक वहां से गायब हो गए। इससे स्वजन का शक गहरा हाे गया और उन्होंने तीनों पर शौकीन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। रात करीब नौ बजे पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जंगल में तलाश शुरू कराई। यहां एक गड्ढे से शौकीन के शव को पुलिस ने बरामद कर लिया। कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया सामने आया है कि चारों ने जंगल में एक साथ शराब पी है। किसी बात को लेकर हुए झगड़े में शौकीन की हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया है। तीन नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार