गंदगी में बनते मिले केक और समोसे-कचौड़ी, तीन प्रतिष्ठानों का संचालन बंद
कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता और हाइजीन के निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। यह बातें शनिवार को विशेष अभियान के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह ने कहीं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आज शहर के सात खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तीन प्रतिष्ठानों का संचालन बंद कराया गया, एक प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया तथा 10 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
दलेलपुरवा स्थित बॉम्बे बेकरी में निरीक्षण के दौरान गंदगी के बीच केक बनते मिले। कर्मचारी बिना हेड कैप, ग्लव्स और एप्रन के काम कर रहे थे। प्रतिष्ठान के पास वैध पंजीकरण भी नहीं था। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर केक निर्माण बंद कराते हुए केक और वनस्पति घी के नमूने लिए गए।
लक्ष्मीपुरवा स्थित गोपाला स्वीट हाउस में खुले नाले के किनारे समोसे और कचौड़ी तैयार की जा रही थीं। परिसर में गंदगी, जमा पानी और मक्खियां मिलने पर साफ-सफाई होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद करा दिया गया।
चमनगंज स्थित वारसी होटल एंड कैटरर्स में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल और पेयजल जांच रिपोर्ट नहीं मिली। भोजन प्लास्टिक के बर्तनों में रखा गया था और अखबार से ढका गया था। विभाग ने संचालक को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान बाबा स्वीट हाउस, न्यू अजमेरी रेस्टोरेंट, आगरा जैन जलेबी और हिमानी फूड कॉरपोरेशन का भी निरीक्षण किया गया। बाबा स्वीट हाउस से देसी घी, पिसा मसाला, छेना मिठाई और खोये की बर्फी, न्यू अजमेरी रेस्टोरेंट से पीली मिर्च पाउडर और वनस्पति घी तथा आगरा जैन जलेबी से रिफाइंड सोयाबीन तेल और मैदा के नमूने लिए गए। आगरा जैन जलेबी में साफ-सफाई की कमी मिलने पर खाद्य निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए, जबकि हिमानी फूड कॉरपोरेशन की सॉस निर्माण इकाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलेगा, उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना वैध पंजीकरण या लाइसेंस के खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप