सुलतानपुर में सहज योग का तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 25 टीमें स्कूलों में दे रहीं आत्म साक्षात्कार

 


सुलतानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में सहज योग ट्रस्ट और प्रदेश के शिक्षा विभाग के सहयोग से तीन दिवसीय मेगा स्कूल आत्मसाक्षात्कार कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू किया गया है। यह कार्यक्रम एक अगस्त तक चलेगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आईं सहज योग ट्रस्ट की 25 टीमें जिले के स्कूलों में आत्मसाक्षात्कार प्रदान कर रही हैं।

इसी कड़ी में महुअरिया रोड स्थित राम लखन मैरिज प्वाइंट में एक सामूहिक आत्मसाक्षात्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शहर के गणमान्य व्यक्तियों सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान एक मेडिकल सेशन भी हुआ । इसमें जिले के वरिष्ठ सर्जन डॉक्टर ए. के. सिंह और डॉक्टर जे. पी. सिंह ने संयुक्त रूप से सहज योग और चिकित्सा के संबंध पर विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सहज योग एक ध्यान विधि है, जिसे माता निर्मला देवी ने 1970 में स्थापित किया था। यह संस्कृत के दो शब्दों 'सह' (साथ) और 'ज' (जन्मा हुआ) से बना है, जिसका अर्थ है 'जन्म से प्राप्त होने वाला मिलन'। इस विधि में कुंडलिनी नामक सुप्त ऊर्जा को जागृत किया जाता है, जिससे व्यक्ति को आत्म-साक्षात्कार और आत्म-ज्ञान प्राप्त होता है।

निर्मला देवी ने लंदन में 30 जुलाई, 1989 को सहज योग की व्याख्या करते हुए बताया था कि यह एक ऐसी प्रणाली है, जिसके माध्यम से व्यक्ति स्वतः ही आत्म-साक्षात्कार और आत्म-ज्ञान प्राप्त करता है। इसमें त्रिकास्थि नामक हड्डी में एक शक्ति उत्पन्न होती है, जो सिर के ऊपरी भाग को भेदकर केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर सामूहिक चेतना का अनुभव कराती है, जिससे एक नया आयाम प्रकट होता है। यह कुंडलिनी जागरण की एक सहज और स्वचालित प्रक्रिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त