सीएसए में तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेला, आठ राज्यों के किसान होंगे शामिल : डॉ. संजीव गुप्ता

 


कानपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। किसानों को खुशहाल और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, बीज, पौध और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी के साथ कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह जानकारी बुधवार को सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने दी।

विश्वविद्यालय में 15 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले किसान मेले का मुख्य फोकस ‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ रहेगा। मेले के साथ कृषि उद्योग प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यह क्षेत्रीय स्तर का किसान मेला होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के प्रगतिशील किसान, बागवान और उद्यमी प्रतिभाग करेंगे।

निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी ने बताया कि मेले में कृषि विश्वविद्यालय के अनुसंधान के साथ विभिन्न महाविद्यालयों की विकसित तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। करीब 200 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 25 से 30 हजार किसानों के पहुंचने की संभावना है। मेले में उन्नतशील बीज और पौध की बिक्री के साथ आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।

किसानों के लिए विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रों और प्रयोगशालाओं के भ्रमण की भी व्यवस्था रहेगी। मृदा और पानी के नमूनों की जांच से संबंधित जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। मेला परिसर में कृषक, व्यवसायी और वैज्ञानिक संगोष्ठी भी आयोजित होगी।

मेले में औषधीय एवं सुगंधीय पौधों की प्रदर्शनी के साथ कृषि उद्यम, शोध और प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को पुरस्कार दिए जाएंगे। खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कृषि साहित्य के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप