कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता मेट्रो सेक्शन पर सीएमआरएस का तीन दिवसीय जायजा शुरू

 


कानपुर, 27 जून (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो के शेष सेक्शन पर यात्री सेवाएं शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण चरण शुरू हो गया है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा तीन दिनों तक सुरक्षा और तकनीकी मानकों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा उपलब्ध कराई जा सके। यह जानकारी शनिवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।

मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) नीलाभ्र सेनगुप्ता ने अपनी पांच सदस्यीय टीम के साथ कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक कॉरिडोर-1 के शेष सेक्शन के तीन दिवसीय जायजा की शनिवार काे शुरुआत की। कानपुर पहुंचने के बाद उन्होंने यूपीएमआरसी के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद सीएमआरएस ने नवीन मार्केट से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की। इसके बाद मोटर ट्रॉली के माध्यम से कानपुर सेंट्रल से झकरकटी के बीच डाउन लाइन टनल और ट्रैक का जायजा लिया। झकरकटी स्टेशन पर एस्केलेटर, फायर अलार्म, आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की भी बारीकी से पड़ताल की गई।

यूपीएमआरसी के अनुसार 28 और 29 जून को भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। इस दौरान कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक के पूरे सेक्शन में सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल, ट्रैक, सिविल और अन्य तकनीकी प्रणालियों का परीक्षण किया जाएगा। सभी सुरक्षा और तकनीकी मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद इस सेक्शन पर मेट्रो संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप