सड़क किनारे मिलीं हजारों एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें
एजेंसी धारक का लाइसेंस निरस्त करने की होगी कार्रवाई
हमीरपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में मुस्करा-चरखारी मार्ग पर सड़क किनारे हजारों की संख्या में ब्रांडेड कोल्ड ड्रिंक की एक्सपायरी बोतलें मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बोतलें खुले में पड़ी रहने से स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति इन्हें पी लेता तो उसकी सेहत पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। सूचना मिलने पर गुरुवार को प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जांच में पता चला कि एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की ये बोतलें डीलर आकाश गुप्ता द्वारा नष्ट कराने के लिए वहां डलवाई गई थीं। डीलर के अनुसार यह करीब एक वर्ष पुराना स्टॉक था, जिसकी एक्सपायरी हो चुकी थी। उनका कहना है कि बोतलों को नष्ट करने के लिए उन पर ट्रैक्टर चलवाया गया था, लेकिन वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त नहीं हो सकीं। खाद्य सुरक्षा विभाग के डिप्टी कमिश्नर गौरीशंकर ने मौके पर पहुंचकर अपनी मौजूदगी में दोबारा ट्रैक्टर चलवाकर बोतलों को नष्ट कराया है। डिप्टी कमिश्नर गौरीशंकर ने गुरुवार को शाम बताया कि एक्सपायरी पेय पदार्थों का सड़क किनारे इस तरह निस्तारण करना नियमों के विपरीत है। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित एजेंसी का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा