शादी के 20 दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

 

देवरिया, 24 मई (हि.स.)। देवरिया जनपद के लार थाना क्षेत्र के ठाकुर गौरी के डीहटोला स्थित एक बगीचे में रविवार शाम एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान गढ़वा खास गांव निवासी मुन्ना (26) पुत्र झूलन गोड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम वह ठाकुर गौरी के डीहटोला के पास स्थित एक बगीचे में अचेत पड़ा मिला। रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना जिला पंचायत सदस्य जनक कुशवाहा को दी। सूचना मिलते ही जनक कुशवाहा मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार ले गए।

अस्पताल में चिकित्सक डॉ. बी. वी. सिंह ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।

बताया जा रहा है कि मुन्ना की शादी इसी महीने 5 मई को रतनपुरा गांव निवासी सजला के साथ हुई थी। शादी को अभी महज 20 दिन ही हुए थे। अचानक हुई इस घटना से पत्नी सजला का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुन्ना अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई अजय और विजय हैं। परिवार में मां जगदम्बा देवी समेत पांच बहनें हैं, जिनमें चार की शादी हो चुकी है जबकि एक बहन अविवाहित है।

घटना की सूचना पर पहुंची लार पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक