वित्तीय अनियमितता के आरोप में तत्कालीन पंचायत सचिव और मौजूदा पंचायत सचिव निलम्बित

 




मुरादाबाद, 25 मई (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी विकास खंड विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताएं बरतने के आरोप में तत्कालीन पंचायत सचिव नरेश कुमार और मौजूदा पंचायत सचिव राखी भारती को आज जिला पंचायत राज अधिकारी ने निलम्बित कर दिया है। इससे पहले 16 मई को इस ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान जोया आसिफ के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए थे।

कुंदरकी विकास खंड के तेवर पट्टी उर्फ काजीपुरा ग्राम पंचायत के योगेंद्र कुमार व कुछ अन्य लोगों ने जिला मजिस्ट्रेट से मनरेगा के तहत मानच दिवसों में हेराफेरी कर मजदूरी व अन्य धनराशि में अनियमितता बरतने के आरोप लगाए थे। जिला मजिस्ट्रेट ने जिला समाज कल्याण अधिकारी व सहायक अभियंता (लघु सिंचाई) को जांच सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में प्रधान व सचिव पर लगाए गए कई आरोप सही पाए गए।

ग्राम प्रधान ने जवाब दाखिल किया था, लेकिन संतोषजनक नहीं माना गया। जिला मजिस्ट्रेट ने ग्राम प्रधान जोया आसिफ के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को सीज कर मामले की जांच उपायुक्त (एनआरएलएम) व सहायक अभियंता (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी थी।

इन्हीं आरोपों के तहत अब जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने जांच रिपोर्ट के आधार पर तेवर पट्टी उर्फ काजीपुरा की मौजूदा पंचायत सचिव राखी भारती और यहां के तत्कालीन पंचायत सचिव नरेश कुमार को भी निलम्बित कर दिया है। डीपीआरओ ने बताया कि जो अनियमितता पाई गई है, वह मौजूदा पंचायत सचिव के साथ-साथ तत्कालीन पंचायत सचिव के कार्यकाल में भी बरती गई थी। इसलिए दोनों को निलम्बित किया गया है। इन दोनों को डीपीआरओ कार्यालय विकास भवन से अटैच किया गया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच अपर जिला पंचायत राज अधिकारी सुभाष सिंह को सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल