संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

 


- बहन के बुलाने पर भी नहीं खोला दरवाजा, पड़ोसियों ने तोड़ा दरवाजा

मीरजापुर, 2 दिसंबर (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में मंगलवार को एक 18 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आकाश यादव पुत्र ललित यादव के रूप में हुई है, जो हनुमान नगर स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करता था।

मंगलवार सुबह आकाश रोज की तरह काम पर जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी साइकिल की चेन टूट गई, जिसके बाद वह वापस घर लौट आया। परिजनों के अनुसार दोपहर तक वह सामान्य था, लेकिन शाम करीब 4 बजे उसने घर में बेल्ट के सहारे फांसी लगा ली।

काफी देर तक आकाश के बाहर न निकलने पर उसकी छोटी बहन कोमल यादव ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब दरवाजा नहीं खुला, तो उसने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो आकाश का शव बेल्ट के फंदे से लटकता मिला।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। जानकारी पुलिस चौकी चेतगंज को दी गई, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर दादी लक्ष्मीना देवी की तहरीर पर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा