हिंदू समाज का जुड़ाव लिखेगा नई गाथा : महेंद्र प्रताप सिंह
संत रमेश बाबा का भी सपना था श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्तियमुना मुक्ति आंदोलन की तर्ज पर जन्मभूमि मुक्ति के लिए भी बड़े जनांदोलन के पक्षधर थे रमेश बाबा
मथुरा, 15 नवम्बर (हि.स.)। ब्रज के विरक्त संत रमेश बाबा का भी सपना श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का था। वर्ष 2015 में यमुना को प्रदूषण मुक्त कराने के लिए जिस तरह व्यापक जनांदोलन खड़ा हुआ था, उसी तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी एक बड़े आंदोलन की आवश्यकता पर बाबा जोर देते थे। आज यह आंदोलन देश-दुनिया में विस्तार ले रहा है। इसमें हिंदू समाज की भागीदारी एक नई गाथा लिखेगी।
यह विचार रविवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस के हिंदू पक्षकार एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने श्रीमान मंदिर बरसाना की श्री राधारानी ब्रज चौरासी कोस यात्रा के मधुवन जयगुरुदेव पड़ाव स्थल पर आयोजित कथा के दौरान यात्रियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह ने संत रमेश बाबा से समय-समय पर मिले मार्गदर्शन और आशीर्वाद का स्मरण करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को चार बार तोड़े जाने और मूल गर्भगृह स्थल पर मस्जिद बनाए जाने का विषय उनके लिए केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा प्रश्न है। उन्होंने कहा कि आज बाबा भले ही शरीर रूप में हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनसे मिली प्रेरणा और शक्ति के बल पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाबा महाराज की प्रेरणा से शुरू हुआ यह संकल्प श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण होने तक जारी रहेगा। हिंदू समाज के विभिन्न समूहों का इस आंदोलन से जुड़ना एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से यह अभियान देशव्यापी जनजागरण का रूप लेगा। कथा की व्यासपीठ से भक्त शरण दास जी मथुरापुरी के युगों-युगों से चले आ रहे धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व का वर्णन कर रहे थे। उन्होंने मथुरा के चारों शिव मंदिरों की महिमा के साथ भगवान श्रीकृष्ण की प्राकट्य लीला का भी भावपूर्ण वर्णन किया।इस अवसर पर श्रीमान मंदिर बरसाना के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री, सचिव सुनील शास्त्री एवं नरसिंह दास सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार