बीज कारोबार होगा पूरी तरह डिजिटल, 31 जुलाई तक कराएं साथी पोर्टल पर पंजीकरण
बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जनपद में बीज कारोबार को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में कृषि विभाग ने सभी बीज विक्रेताओं के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
सोमवार को जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने सभी निजी बीज विक्रेताओं, आपूर्तिकर्ता कंपनियों, फर्मों, सहकारी समितियों एवं राजकीय बीज बिक्री केंद्रों से 31 जुलाई तक भारत सरकार के 'साथी पोर्टल' पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने तथा पोर्टल के माध्यम से ही बीजों का विक्रय करने की अपील की है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि रबी सीजन 2026 से प्रदेश में बीज उत्पादन, स्टॉक प्रबंधन, स्थानांतरण और विक्रय की पूरी प्रक्रिया साथी पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य बीज व्यवसाय को डिजिटल, पारदर्शी एवं ट्रेसबिलिटी युक्त बनाना है, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज आसानी से उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने बताया कि सभी बीज विक्रेताओं को पोर्टल पर उपलब्ध स्टॉक का नियमित रूप से अद्यतन विवरण दर्ज करना होगा। साथ ही स्टॉक एवं वितरण पंजिका का रिकॉर्ड भी अपडेट रखना अनिवार्य होगा। यदि पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और प्रतिष्ठान में उपलब्ध भौतिक स्टॉक में अंतर पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध बीज अधिनियम, 1966 तथा बीज नियंत्रण आदेश, 1983 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने सभी बीज विक्रेताओं से समय सीमा के भीतर साथी पोर्टल पर पंजीकरण कराकर नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के साथ बीज कारोबार को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जा सके।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन