'सपा का असली PDA- पिटाई, दबंगई और अराजकता', मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर तीखा निशाना
सपा नेता अभी से खुलेआम पटककर मारने की धमकी दे रहे, सत्ता में आए तो गुंडागर्दी की हद पार कर देंगे: ओम प्रकाश राजभर
सपा सरकार में सबसे ज्यादा अत्याचार पिछड़ों और दलितों पर होता है: ओम प्रकाश राजभर
लखनऊ, 26 नवंबर। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से संविधान की दुहाई देने वाले अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि क्या संविधान किसी को पटककर मारने का अधिकार देता है?
राजभर ने कहा कि चुनाव से पहले ही अखिलेश यादव ने अपने लोगों को इतना सिर पर चढ़ा दिया है कि वे खुद को खुदा समझने लगे हैं। खुलेआम पटककर मारने की धमकी दे रहे हैं। दरअसल, अयोध्या से सपा नेता पवन पांडेय का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक लाइव कार्यक्रम में एक गेस्ट को पटककर मारने की धमकी दे रहे थे। राजभर ने इसी घटना पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए हमला बोला है।
'सत्ता में आए तो गुंडागर्दी की हद पार कर देंगे'
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अभी ये हाल है अगर गलती से सपा की सरकार बन गई तो ये लोग गुंडागर्दी की हद पार कर देंगे। उन्होंने गैर यादव पिछड़े और बहुजन समाज से सपा की गुंडई के ऐसे वीडियो को गंभीरता से देखने की अपील करते हुए कहा कि वे खुद निर्णय ले कि समाजवादी पार्टी सत्ता में रहने लायक है या नहीं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर सपा सबसे ज्यादा अत्याचार गैर यादव पिछड़ों और दलितों पर ही करती है।
'पिटाई, दबंगई और अराजकता ही असली पीडीए'
राजभर ने कहा कि पिटाई, दबंगई और अराजकता ही सपा का असली पीडीए है। उन्होंने अखिलेश यादव से संविधान दिवस पर अपने कार्यकर्ताओं को गुंडई से रोकने की कसम खाने की चुनौती दी और कहा कि अगर वे वास्तव में संविधान को मानते हैं तो अपने लोगों को कानून के दायरे में रहने की सीख दें।