महिला और दो मासूम बच्चों की डायल-112 की तत्परता से बची जान

 




महोबा, 11 जून (हि.स.)।यूपी के महोबा में डायल 112 पीआरवी टीम की तत्परता से एक महिला और दो मासूम बच्चों की जान बच सकी है। गृह कलह एवं ससुरालियों से परेशान होकर महिला अपने बच्चों के साथ आत्महत्या करने के लिए रेलवे ट्रैक पर बैठी थी। सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने महिला को समझा -बुझाकर काउंसलिंग कर समस्या के समाधान के लिए आश्वस्त कर पटरी से दूर कर उनकी जान बचाई है।

जिले में संचालित डायल-112 पीआरवी वाहनों द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल आपात सहायता उपलब्ध कराई जाती है। पीआरवी पुलिस टीम द्वारा निरंतर सराहनीय कार्य पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ किए जा रहे हैं। जनपद मुख्यालय के मुहाल भटीपुरा निवासी आसिफ खान पुत्र शराफत खान ने डॉयल 112 पर सूचना दी कि एक महिला अपने दो बच्चों के साथ खजुराहो-महोबा रेलवे लाइन पर आत्महत्या करने हेतु पटरी पर मौजूद है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में संचालित पीआरवी-7334 मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर कालर द्वारा बताया गया कि खजुराहो मेमू एक्सप्रेस के आगमन का समय निकट है तथा महिला अपने बच्चों सहित रेलवे ट्रैक पर बैठी हुई है। पीआरवी टीम द्वारा बिना विलंब किए खजुराहो-महोबा रेल मार्ग पर खंभा संख्या 1272/01 के पास एक महिला मुस्कान मंसूरी अपने दो बच्चों जोया एवं साहिल को ओल पटरी पर बैठे देखा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी के कमांडर आशीष कुमार मिश्र , सब कमांडर अजय प्रताप सिंह , पायलट करण कुमार ने अत्यंत तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला एवं बच्चों को समझा-बुझाकर तत्काल रेलवे ट्रैक से सुरक्षित स्थान पर हटाया तथा उनकी जान बचायी।पूछताछ में महिला द्वारा पारिवारिक कलह एवं ससुराल पक्ष से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास करने की बात बताई गई। पीआरवी पुलिस टीम की त्वरित एवं सराहनीय कार्यवाही से एक महिला एवं दो मासूम बच्चों की जान बचायी जा सकी।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी